राजस्थान में हादसों के बाद अलर्ट मोड में स्वायत्त शासन विभाग,2699 जर्जर भवन गिराए जाएंगे

Jaipur Rajasthan

झालावाड़ और जैसलमेर में हाल ही में हुए हादसों के बाद राजस्थान का स्वायत्त शासन विभाग सतर्क हो गया है। गुरुवार को विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने प्रदेश के 224 नगरीय निकायों के प्रमुखों के साथ वर्चुअल बैठक की, जिसमें प्रदेशभर में 2,699 जर्जर भवनों को चिन्हित कर उन्हें सील करने और ध्वस्त करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान रवि जैन ने सभी निकाय अधिकारियों को सतर्क रहने और संभावित भारी बारिश के चलते आमजन को समय पर राहत पहुंचाने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जर्जर भवनों के सामने चेतावनी बोर्ड लगाना अनिवार्य है ताकि नागरिक सतर्क रहें और किसी अनहोनी से बचा जा सके।

विद्युत सुरक्षा पर खास फोकस

विभाग ने विद्युत तंत्र की सुरक्षा को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। सचिव ने बिजली विभाग के अभियंताओं के साथ समन्वय कर सड़क किनारे ढीले तारों को तुरंत सुधारने, लूज तारों को हटाने और टूटे हुए स्विच बॉक्स व केबल बॉक्स की मरम्मत करने के आदेश दिए। साथ ही अग्निशमन वाहन और उपकरणों को हर समय तैयार रखने को भी कहा गया है।

पौधारोपण अभियान की भी समीक्षा

बैठक में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत चल रहे पौधारोपण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में डीएलबी निदेशक प्रतीक जुईकर, नगर निगम हेरिटेज की आयुक्त डॉ. निधि पटेल, अतिरिक्त निदेशक श्याम सिंह और सभी नगरीय निकाय प्रमुख शामिल हुए।