राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को जोधपुर दौरे के दौरान शिक्षा, विरासत संरक्षण और जनसुनवाई से जुड़े कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के दीक्षारंभ सत्र में नवप्रवेशी छात्रों को संबोधित किया, सावित्रीबाई फुले छात्रावास का उद्घाटन किया और शहर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।
नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के 2026-27 सत्र के उद्घाटन कार्यक्रम में दिया कुमारी ने छात्रों से उत्कृष्ट शिक्षा, संवैधानिक मूल्यों और नैतिक नेतृत्व के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मंडोर स्थित ऐतिहासिक बावड़ी का निरीक्षण कर उसके संरक्षण और विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके बाद उन्होंने काला गोरा भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कायलाना झील पहुंचकर उन्होंने जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों से गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने पर्यटन और विरासत स्थलों के संरक्षण के साथ शहर के समग्र विकास पर भी जोर दिया।
जोधपुर सर्किट हाउस में उपमुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है।
दौरे के दौरान दिया कुमारी ने कायलाना क्षेत्र में स्थानीय महिलाओं और दुकानदारों से भी बातचीत की। उन्होंने महिलाओं के साथ भुट्टा खाया और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनके हालचाल जाने। उनका यह सहज और आत्मीय अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना।

