जयपुर: राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उनके प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आयोजित ‘FLO कलेक्टिव 2026’ प्रदर्शनी में हिस्सा लिया और महिला उद्यमियों, बुनकरों तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण, लाडो प्रोत्साहन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, पोषण ट्रैकर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सखी केंद्र, महिला हेल्पलाइन और कालीबाई भील उड़ान योजना सहित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद दिया कुमारी ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आयोजित ‘FLO कलेक्टिव 2026’ प्रदर्शनी का दौरा किया। उन्होंने महिला उद्यमियों और कारीगरों के स्टॉलों का अवलोकन कर उनके उत्पादों और कार्यशैली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में प्रदर्शित हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पाद राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कारीगरों के कौशल का परिचय देते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 60 से अधिक महिला-संचालित और उभरते हुए ब्रांड्स का एक मंच पर आना प्रेरणादायक है। उन्होंने नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और देश के बुनकरों तथा हस्तशिल्पकारों को प्रोत्साहन देने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने और महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

