दिल्ली चुनाव के बीच CM भगवंत मान के घर पर चुनाव आयोग की टीम पहुंची,AAP ने BJP पर लगाया पक्षपात का आरोप

Front-Page National Politics

दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच गुरुवार को चुनाव आयोग की टीम पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिल्ली स्थित आवास कपूरथला हाउस पर तलाशी के लिए पहुंची। शिकायत के आधार पर पहुंची टीम को अंदर जाने से रोक दिया गया, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात कर दिए गए।

रिटर्निंग ऑफिसर ओपी पांडे ने बताया कि चुनाव आयोग को cVIGIL ऐप पर पैसे बांटने की शिकायत मिली थी, जिसे 100 मिनट के भीतर निपटाना था। उन्होंने कहा, “हमारी फ्लाइंग स्क्वायड टीम (FST) को अंदर जाने नहीं दिया गया, इसलिए मैं अनुरोध करने आया हूं कि हमें एक कैमरापर्सन के साथ प्रवेश करने दिया जाए।”

भगवंत मान ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव आयोग और दिल्ली पुलिस पर भाजपा के इशारे पर कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा खुलेआम पैसे बांट रहे हैं, लेकिन चुनाव आयोग को यह नहीं दिख रहा। वर्मा खुद ट्वीट कर बताते हैं कि वे कहां पैसे बांटेंगे। इसके बावजूद, रेड सिर्फ मेरे, अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज के घर पर की जा रही है। यह पंजाबियों को बदनाम करने की साजिश है।”

AAP का पलटवार: BJP नेताओं पर लगाया रिश्वत का आरोप

आप (AAP) ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि भाजपा उम्मीदवार कैलाश गहलोत अपने चुनाव कार्यालय में लोगों को पैसे बांट रहे हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हार सामने देख, भाजपा कांप उठी है। उनकी दिल्ली पुलिस अब भगवंत मान के घर रेड करने पहुंच गई है, जबकि भाजपा उम्मीदवार दिनदहाड़े पैसे, जूते और चादरें बांट रहे हैं।”

AAP ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि चुनाव आयोग और पुलिस निष्पक्ष हैं, तो गृह मंत्री अमित शाह के घर पर भी छापेमारी करें।