गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग,जिम्मेदारी भाऊ गैंग ने ली

Front-Page National

फेमस यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी के विजेता एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर रविवार सुबह फायरिंग हुई। पुलिस के मुताबिक बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घटनास्थल से 24 से अधिक खोखे बरामद किए गए हैं। फायरिंग के समय एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी मां और केयरटेकर अंदर मौजूद थे लेकिन उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ।

पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने घर की ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर को निशाना बनाया। बालकनी, दरवाजों और खिड़कियों पर एक दर्जन से अधिक गोलियों के निशान मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध बदमाश दिखाई दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हमलावर पेशेवर शूटर हो सकते हैं।

इस फायरिंग की जिम्मेदारी भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर ली है। गैंगस्टर नीरज फरीदपुर और भाऊ रिटौलिया ने लिखा कि एल्विश ने बैटिंग ऐप का प्रमोशन कर कई घर बर्बाद किए, इसलिए हमला किया गया। पोस्ट में अन्य कंटेंट क्रिएटर्स को भी चेतावनी दी गई है। हालांकि पुलिस इन दावों की पुष्टि नहीं करती।

एल्विश यादव का नाम पहले भी विवादों में रहा है। 2023 में उन्हें फिरौती और जान से मारने की धमकी मिली थी। इसके अलावा नोएडा की एक रेव पार्टी में सांप और जहर सप्लाई मामले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। वहीं, पिछले साल उनका यूट्यूबर मैक्सटर्न के साथ विवाद सुर्खियों में रहा।

फिलहाल गुरुग्राम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच की टीमें भी जांच में लगी हैं।