चुनाव आयोग का पलटवार,कहा – वोट चोरी का आरोप लोकतंत्र का अपमान

Front-Page National

नई दिल्ली में नेशनल मीडिया सेंटर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने राहुल गांधी के हालिया आरोपों का सीधा जवाब दिया। बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि वोटरों को “फर्जी” बताना गलत है और 7 दिन के भीतर हलफनामा देकर सबूत पेश करें या देश से माफी मांगें।

ज्ञानेश कुमार ने कहा, “हमारे लिए न कोई पक्ष है, न विपक्ष। सभी राजनीतिक दल बराबर हैं। यदि समय पर त्रुटि हटाने का आवेदन न हो और बाद में वोट चोरी जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर जनता को गुमराह किया जाए तो यह लोकतंत्र का अपमान है।”

उन्होंने दावा किया कि कुछ मतदाताओं ने भी वोट चोरी के आरोप लगाए, लेकिन सबूत देने से इनकार कर दिया। साथ ही उन्होंने जोड़ा कि चुनाव आयोग किसी भी दबाव में काम नहीं करता और गरीब, अमीर, महिला, बुजुर्ग, युवा समेत सभी वर्गों के साथ खड़ा है।

दरअसल, राहुल गांधी ने 7 अगस्त को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और भाजपा से मिलीभगत के आरोप लगाए थे। उन्होंने कर्नाटक और महाराष्ट्र के उदाहरण देते हुए कहा था कि “वोट चोरी” का एक मॉडल अपनाकर चुनाव नतीजे प्रभावित किए गए। राहुल ने 22 पन्नों का प्रेजेंटेशन पेश कर कहा था कि यह मॉडल देश की कई सीटों पर लागू हुआ।