पंजाब में पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की रिमांड को मोहाली की अदालत ने चार दिन के लिए बढ़ा दिया है। मजीठिया पर 540 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है।
विजिलेंस ब्यूरो ने अदालत में दलील दी कि मजीठिया जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं और उन्हें अन्य राज्यों में भी ले जाना पड़ेगा, इसलिए रिमांड बढ़ाना जरूरी है। अदालत ने ब्यूरो की मांग को स्वीकार करते हुए रिमांड बढ़ा दी।
कोर्ट के बाहर तनाव, सुखबीर बादल हिरासत में
मजीठिया की पेशी के दौरान कोर्ट परिसर के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया। अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल अपने समर्थकों के साथ कोर्ट पहुंचे और मजीठिया की गिरफ्तारी का विरोध किया। पुलिस ने उन्हें कोर्ट परिसर की ओर बढ़ने से रोका और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए हिरासत में ले लिया।
इस दौरान बादल और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। हिरासत में लिए जाने के बाद सुखबीर बादल ने एक वीडियो संदेश जारी कर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए।
“केजरीवाल ने पूरे पंजाब पर कब्जा कर लिया है” — सुखबीर बादल
अपने वीडियो बयान में बादल ने कहा, “अरविंद केजरीवाल ने पूरे पंजाब पर कब्जा कर लिया है। अकाली दल के नेताओं को उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया है। राज्य में लोकतंत्र खतरे में है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार अधिकारियों की नियुक्तियों के लिए पैसे ले रही है और आने वाले डेढ़ साल में 10 हजार करोड़ रुपये इकट्ठा करने की योजना बना रही है।
मजीठिया को हिमाचल भी ले गई थी विजिलेंस
मजीठिया को 25 जून को अमृतसर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। उनके घर से विजिलेंस टीम ने 20 से अधिक डिजिटल उपकरण और दो डायरियां जब्त की थीं। उन्हें मोहाली लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से सात दिन की रिमांड दी गई थी।
रिमांड के दौरान विजिलेंस की टीम मजीठिया को शिमला (हिमाचल प्रदेश) भी लेकर गई थी, लेकिन वहां से कोई ठोस बरामदगी नहीं हुई। विजिलेंस का कहना है कि मजीठिया जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं।
फिलहाल मजीठिया मोहाली विजिलेंस की हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।

