महाराष्ट्र के ठाणे जिले में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं द्वारा एक गुजराती दुकानदार की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें MNS कार्यकर्ता दुकानदार से मराठी भाषा को लेकर बहस करते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यकर्ता दुकानदार से कहते हैं कि “ये महाराष्ट्र है, यहां मराठी बोलना जरूरी है।” जब दुकानदार ने पूछा कि मराठी बोलना जरूरी क्यों है, तो कार्यकर्ताओं ने उसे धमकाया और थप्पड़ मार दिए। दुकानदार बार-बार सफाई देता नजर आता है, लेकिन उसे लगातार पीटा जाता है।
घटना के वायरल होने के बाद ठाणे के काशीमीरा थाने में सात MNS कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
राज ठाकरे ने की थी मराठी और इंग्लिश को अनिवार्य बनाने की मांग
यह घटना ऐसे वक्त पर हुई है जब हाल ही में MNS प्रमुख राज ठाकरे ने महाराष्ट्र सरकार से अपील की थी कि स्कूलों में केवल मराठी और इंग्लिश को अनिवार्य भाषा बनाया जाए, हिंदी को नहीं। उन्होंने राज्य सरकार के हिंदी को अनिवार्य करने के फैसले का विरोध करते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत महाराष्ट्र सरकार ने 16 अप्रैल को पहली से पांचवीं कक्षा तक हिंदी को तीसरी अनिवार्य भाषा बनाने का निर्णय लिया था। हालांकि राज्य में विरोध के बाद सरकार ने 22 अप्रैल को यह फैसला वापस ले लिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ किया था कि तीसरी भाषा छात्रों की पसंद पर निर्भर होगी और हिंदी को अनिवार्य नहीं किया जाएगा।
फिलहाल ठाणे की इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

