कांग्रेस पर मदन राठौड़ का हमला:गहलोत को सचिन पायलट से हो रहा है डर,सुर्खियों में बने रहने के लिए दे रहे बयान

Jaipur Rajasthan

राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि गहलोत कांग्रेस नेतृत्व में सचिन पायलट को मिल रहे महत्व से घबरा गए हैं और इसी वजह से वह सुर्खियों में बने रहने के लिए लगातार विवादित बयान दे रहे हैं।

जयपुर में मीडिया से बात करते हुए राठौड़ ने कहा, “गहलोत साहब को डर है कि अब कांग्रेस हाईकमान में पायलट को तवज्जो मिलने लगी है। उन्हें लग रहा है कि उनकी ज़मीन खिसक रही है, इसलिए दौरे भी कर रहे हैं और बयानबाज़ी भी।”

‘RSS के मन की बात कैसे जान लेते हैं गहलोत?’

राठौड़ ने गहलोत के उस बयान पर भी पलटवार किया जिसमें उन्होंने आरएसएस नेताओं पर टिप्पणी की थी। राठौड़ ने कहा, “गहलोत साहब को कैसे पता चल गया कि संघ नेताओं के मन में क्या है? ये सब कपोल-कल्पित बातें हैं। ऐसा नहीं कहना चाहिए।”

‘हमारा प्रेम दिखावा नहीं, कांग्रेस में न प्रेम है, न दिखावा’

उन्होंने कहा कि गहलोत अब कह रहे हैं कि वे आरएसएस की तर्ज पर संगठन बनाना चाहते हैं, लेकिन यह सीखना पड़ता है, केवल कहने से नहीं होता। “हमारे बीच जो प्रेम है, उसे कांग्रेस दिखा भी नहीं पाती। न प्रेम रख सकते हैं, न दिखावा कर सकते हैं।”

‘कांग्रेस भड़काती है माहौल, हम शांति बनाए रखेंगे’

प्रदेश में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए राठौड़ ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “कांग्रेस की रणनीति हमेशा से भावनाएं भड़का कर तनाव फैलाने की रही है। कुछ घटनाएं कांग्रेस प्रायोजित लगती हैं। मगर हम उनके मंसूबे पूरे नहीं होने देंगे।”

‘हमारा कौन-सा काम जनविरोधी है?’

मदन राठौड़ ने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों पर भी कांग्रेस बेवजह ऐतराज जता रही है। उन्होंने पूछा, “हमने पेड़ लगाने को कहा, मां के नाम एक पेड़ लगाने में क्या दिक्कत है? वंदे गंगा जल संरक्षण योजना में ऐतराज क्यों? कोई एक जनविरोधी काम तो गिनाएं।”

राठौड़ ने अंत में कहा कि अगर किसी को कोई सुझाव है या लगता है कि हमारी कार्यशैली में कमी है, तो खुलकर बात करें, हम स्वागत करेंगे। लेकिन सिर्फ विरोध के लिए विरोध करना सही नहीं है।