जयपुर, 27 अप्रैल। ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाज़ार (जीआईटीबी) के 15वें संस्करण के दूसरे दिन, सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रिबन काटकर एग्जीबिशन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने एग्जीबिशन का अवलोकन करते हुए विभिन्न राज्य स्टेट बोर्ड्स, होटल समूहों, टूर ऑपरेटर्स और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण किया। इस दौरान सचिव, पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार, भुवनेश कुमार, आईएएस; सचिव – पर्यटन, राजस्थान सरकार, शुचि त्यागी; पर्यटन, कमिश्नर, राजस्थान सरकार, रुक्मणी रियार; पूर्व अध्यक्ष, फिक्की; मेंटर, फिक्की पर्यटन समिति और सीएमडी, द ललित सूरी हॉस्पिटैलिटी ग्रुप, डॉ. ज्योत्सना सूरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। एग्जीबिशन में हेरिटेज, वेलनेस, स्पिरिचुअल, वाइल्डलाइफ और एक्सपीरियंस-आधारित टूरिज़्म से जुड़े विविध उत्पादों और सेवाओं को आकर्षक रूप से प्रदर्शित किया जा रहा है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा, “वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद विश्वभर से ट्रैवल और ट्रेड प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि भारत और राजस्थान के पर्यटन में व्यापक संभावनाएं हैं। यहां आए प्रतिनिधियों के साथ सार्थक संवाद हुआ, जिसमें फॉरेन टूरिस्ट्स की संख्या बढ़ाने और नए अवसर विकसित करने पर चर्चा हुई। आज का पर्यटक केवल दर्शनीय स्थलों तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि वह संस्कृति, खानपान, परंपरा और जीवनशैली का वास्तविक अनुभव चाहता है। इसी दिशा में हमारा पर्यटन विभाग अनुभव-आधारित टूरिज़्म को बढ़ावा दे रहा है। यह एग्जीबिशन न केवल पर्यटन उत्पादों को प्रदर्शित करने का मंच है, बल्कि नए विचारों, साझेदारियों और निवेश संभावनाओं को आगे बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम है।”
जीआईटीबी के 15वें संस्करण में 50 से अधिक देशों से आए 195 से अधिक विदेशी टूर ऑपरेटर्स बायर्स के रूप में भाग ले रहे हैं। आयोजन में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय, मेज़बान राज्य राजस्थान तथा विभिन्न राज्य पर्यटन बोर्ड्स, होटल्स, रिसॉर्ट्स और डेस्टिनेशन मैनेजमेंट कंपनियों (डीएमसी) की सशक्त भागीदारी देखने को मिल रही है। बाज़ार के दौरान 10,000 से अधिक प्री-शेड्यूल्ड और संरचित B2B मीटिंग्स आयोजित की जा रही हैं, जो नेटवर्किंग को बढ़ावा देने के साथ पर्यटन व्यवसाय के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
एग्जीबिशन में राज्य पर्यटन बोर्ड्स के पवेलियंस विशेष आकर्षण का केंद्र हैं, जहां राजस्थान, ओडिशा, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गोवा, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों ने अपने विशिष्ट पर्यटन उत्पादों, सांस्कृतिक पहचान और नए अनुभव-आधारित ऑफरिंग्स को पेश किया है। इसके साथ ही लग्ज़री एवं हेरिटेज होटल चेन, रिसॉर्ट्स, एडवेंचर और वाइल्डलाइफ ऑपरेटर्स, वेलनेस सेंटर्स तथा ट्रैवल टेक्नोलॉजी कंपनियां भी अपने नवाचारों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रही हैं, जिससे यह मंच नए व्यावसायिक अवसरों और साझेदारियों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
ट्रैवल एंड टूरिज़्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स
जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आज ट्रैवल एंड टूरिज़्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व सचिव, पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार, अरविंद सिंह, IAS (सेवानिवृत्त) के संबोधन के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश का पर्यटन क्षेत्र निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जोर दिया कि राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर प्रभावी नीतियों का निर्माण तथा उनका स्थानीय स्तर पर सुव्यवस्थित क्रियान्वयन पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके अंतर्गत पर्यटन स्थलों पर प्रबंधन, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं का विशेष महत्व है। इस दौरान सचिव – पर्यटन, राजस्थान सरकार, शुचि त्यागी; पर्यटन, कमिश्नर, राजस्थान सरकार, रुक्मणी रियार और फिक्की पर्यटन समिति, चेयरमैन, रवि गोसाईं भी उपस्थित रहे। ट्रैवल एंड टूरिज़्म एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 के तहत विभिन्न श्रेणियों में फिक्की और राजस्थान टूरिज़्म द्वारा दो सेगमेंट्स में कुल 40 पुरस्कार प्रदान किए गए।
जीआईटीबी की सफलता और निरंतर विकास में विशिष्ट योगदान के लिए कई विशिष्ठ व्यक्तियों -चीफ पैट्रन, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (राटो), भीम सिंह; मैनेजिंग डायरेक्टर, ट्रैवल कॉर्पोरेशन इंडिया लिमिटेड, दीपक देवा; को-चेयरमैन, फिक्की राजस्थान स्टेट काउंसिल, सुरेंद्र सिंह शेखावत; पूर्व अध्यक्ष, एचआरएआर, राटो, फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज़्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर), कुलदीप सिंह चंदेला; अध्यक्ष, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (राटो), महेंद्र सिंह; पूर्व सचिव, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (राटो), मोहन सिंह; पैट्रन, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (राटो), खालिद खान; सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (एचआरएआर), =हेमंत मित्तल; तथा फिक्की राजस्थान काउंसिल के पूर्व चेयरपर्सन, स्वर्गीय रणधीर विक्रम सिंह मंडावा को भी सम्मानित किया गया।
विजेताओं की सूची इस प्रकार है- टीबीओ टेक लिमिटेड को बेस्ट B2B ट्रैवल पोर्टल; मेकमायट्रिप को बेस्ट ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म इन ट्रैवल और कॉर्डेलिया क्रूज़ेज़ को लीडिंग डोमेस्टिक क्रूज़ लाइन का पुरस्कार मिला। सूर्यगढ़ जैसलमेर को बेस्ट लक्ज़री हेरिटेज होटल, सेंट रेजिस गोवा को सर्वश्रेष्ठ लक्ज़री रिसॉर्ट और ओबेरॉय गुड़गांव को बेस्ट बिज़नेस होटल चुना गया। रामबाग पैलेस जयपुर को बेस्ट वेडिंग होटल; मध्य प्रदेश को लीडिंग टूरिज़्म डेस्टिनेशन और छत्तीसगढ़ को बेस्ट इमर्जिंग टूरिज्म डेस्टिनेशन का सम्मान मिला। ओडिशा को पर्यटन विकास में उत्कृष्ट योगदान, गोवा को बेस्ट MICE डेस्टिनेशन, गुजरात को बेस्ट डेस्टिनेशन मार्केटिंग कैंपेन और तमिलनाडु को बेस्ट कल्चर एंड हेरिटेज डेस्टिनेशन के लिए सम्मानित किया गया। कार्नोस्ती आयुर्वेद वेलनेस रिज़ॉर्ट को बेस्ट वेलनेस रिसॉर्ट; वाघोबा इकोलॉज और बेयरफुट एट हैवलॉक को बेस्ट सस्टेनेबल होटल्स का पुरस्कार मिला।
टूर ऑपरेटर श्रेणी में वीना वर्ल्ड को सर्वश्रेष्ठ आउटबाउंड टूर ऑपरेटर; रस्टिक ट्रैवल को सर्वश्रेष्ठ डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर; शिखर ट्रैवल्स इंडिया प्रा. लि. और आईबेक्स एक्सपीडिशंस को सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूर ऑपरेटर तथा क्रिएटिव ट्रैवल को सर्वश्रेष्ठ इनबाउंड टूर ऑपरेटर के रूप में सम्मानित किया गया। ट्रिपXOXO बाय ट्रैवलपोर्ट को सर्वश्रेष्ठ टैक-आधारित ट्रैवल स्टार्टअप और विलेज वेयज़ को सर्वश्रेष्ठ रिस्पॉन्सिबल टूरिज़्म पहल का पुरस्कार मिला। विशेष सम्मान मीना तिलकराज (स्टोरीटैलक गाइड ऑफ इंडिया) को पर्यटन में विशेष योगदान और अनिल चड्ढा, मैनेजिंग डायरेक्टर, आईटीसी होटल्स को लीडरशिप में उत्कृष्टता के लिए प्रदान किया गया।
राजस्थान श्रेणी में ओबेरॉय उदय विलास उदयपुर को सर्वश्रेष्ठ 5-स्टार होटल (विजेता) के रूप में सम्मानित किया गया, जबकि फेयरमोंट जयपुर को (उपविजेता) का पुरस्कार प्रदान किया गया। 4-स्टार श्रेणी में महुआ बाग कुंभलगढ़ को (विजेता) के रूप में सम्मानित किया गया तथा द जय बाग पैलेस जयपुर को (उपविजेता) का सम्मान मिला। इसी प्रकार 1-3 स्टार श्रेणी में सिद्धपुरम कुंभलगढ़ को (विजेता) के रूप में सम्मानित किया गया और उत्सव कैंप सरिस्का को (उपविजेता) का पुरस्कार प्रदान किया गया।
वेडिंग होटल श्रेणी में सूर्यगढ़ जैसलमेर को (विजेता) के रूप में सम्मानित किया गया, जबकि मुंडोटा फोर्ट एंड पैलेस को (उपविजेता) का सम्मान मिला। रेस्टोरेंट श्रेणी में अंब्राई उदयपुर को (विजेता) के रूप में सम्मानित किया गया तथा टपरी जयपुर को (उपविजेता) का पुरस्कार प्रदान किया गया। हेरिटेज होटल श्रेणी में राजमहल पैलेस जयपुर को (विजेता) के रूप में सम्मानित किया गया और ताज फतेह प्रकाश पैलेस उदयपुर को (उपविजेता) का सम्मान मिला।
सर्वश्रेष्ठ टूर ऑपरेटर श्रेणी में राजस्थान रूट्स ट्रेल्स को (विजेता) के रूप में सम्मानित किया गया, जबकि रेगिस्तान टुअर्स को (उपविजेता) का पुरस्कार प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ ट्रैवल स्टार्टअप्स श्रेणी में थ्रिलोफिलिया जयपुर को (विजेता) के रूप में सम्मानित किया गया तथा सेम्बार्क को (उपविजेता) का सम्मान मिला। वहीं, इको टूरिज़्म पहल श्रेणी में चुंडा शिकार ओउदी बाखेड़ा को (विजेता) के रूप में सम्मानित किया गया और संगम फार्म्स भीलवाड़ा को (उपविजेता) का पुरस्कार प्रदान किया गया। राजस्थान पर्यटन में विशेष योगदान के लिए फेथ सिंह और अभिमन्यु सिंह को सम्मानित किया गया।

