पेट्रोल-डीजल और एलपीजी पर सरकार का बयान—देश में आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित,अफवाहों से बचने की अपील

Front-Page National

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में ईंधन आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता पूरी तरह सुरक्षित और स्थिर है।

मंत्रालय के अनुसार देशभर के सभी पेट्रोल पंप और खुदरा ईंधन केंद्र सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और कहीं भी किसी तरह की कमी नहीं है। हाल के दिनों में कुछ स्थानों पर दिखी भीड़ को ‘घबराहट में खरीदारी’ का परिणाम बताया गया है, जो सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक सूचनाओं के कारण हुई।

सरकार ने कहा कि भारत विश्व के प्रमुख ऊर्जा उत्पादक और निर्यातक देशों में शामिल है और 150 से अधिक देशों को परिष्कृत ईंधन की आपूर्ति करता है। देश में एक लाख से अधिक पेट्रोल पंप बिना किसी बाधा के काम कर रहे हैं।

कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर मंत्रालय ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति के बावजूद भारत को 40 से अधिक देशों से पर्याप्त आपूर्ति मिल रही है और रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं। अगले 60 दिनों की आपूर्ति पहले से सुनिश्चित कर ली गई है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार भारत के पास कुल मिलाकर लगभग 60 दिनों का पेट्रोलियम भंडार उपलब्ध है, जबकि कुल भंडारण क्षमता 74 दिनों की है। मंत्रालय ने उन दावों को खारिज किया है जिनमें केवल कुछ दिनों का स्टॉक होने की बात कही जा रही थी।

एलपीजी को लेकर भी सरकार ने कहा कि उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है और आयात पर निर्भरता कम हुई है। तेल कंपनियां प्रतिदिन 50 लाख से अधिक सिलेंडर वितरित कर रही हैं और अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था भी की गई है।

इस बीच मंत्रालय ने पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) को बढ़ावा देने की नीति को दीर्घकालिक ऊर्जा रणनीति का हिस्सा बताया और कहा कि इसका मौजूदा संकट से कोई संबंध नहीं है।

पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और कीमतों में भी कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें।

मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि ईंधन की कमी से जुड़ी भ्रामक खबरें फैलाना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने नागरिकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।