कोटा मेडिकल कॉलेज में 62 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य परियोजनाओं की शुरुआत,ओम बिरला बोले-दो साल में बदलेगी चिकित्सा व्यवस्था

Kota Rajasthan

कोटा:-लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज परिसर में करीब 31.70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कॉटेज वार्ड का शिलान्यास और 30.61 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पीजी हॉस्टल्स का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में मेडिकल कॉलेज के बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।

बिरला ने कहा कि कॉटेज वार्ड बनने से लंबे समय तक इलाज कराने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जबकि नए पीजी हॉस्टल्स से रेजिडेंट डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों को आधुनिक आवासीय और शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल, रामाश्रय भवन और अन्य स्वास्थ्य परियोजनाएं कोटा को चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान देंगी।

उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि कुपोषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए जनसहभागिता के साथ “सुपोषित माँ अभियान” चलाया जा रहा है और विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में नई परियोजनाएं स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती देंगी। उन्होंने परिसर में अधिक पौधारोपण का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण को बेहतर स्वास्थ्य से जोड़ा।

कार्यक्रम के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू) परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। इस दौरान वन विभाग ने पहली बार ड्रोन के जरिए सीड बॉल्स का छिड़काव किया। बिरला ने कहा कि तकनीक और पर्यावरण संरक्षण का यह समन्वय भविष्य के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल करने का भी आग्रह करते हुए कहा कि हरियाली ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी विरासत है।