उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब गंगोत्री धाम की ओर जा रहा एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सात में से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना उत्तरकाशी के गंगनानी क्षेत्र में भागीरथी नदी के पास हुई।
प्रशासन के अनुसार हेलिकॉप्टर में चार पुरुष और दो महिलाएं सवार थीं। पायलट कैप्टन रॉबिन सिंह थे। हेलिकॉप्टर ने देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से उड़ान भरी थी और इसे खरसाली में लैंड करना था। यात्रियों को वहां से गंगोत्री धाम ले जाया जाना था।
मृतकों में अधिकांश यात्री मुंबई और आंध्र प्रदेश से बताए जा रहे हैं – चार मुंबई और दो आंध्र प्रदेश से थे। यह हेलिकॉप्टर एक निजी कंपनी, एयरोट्रांस सर्विस का था।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार खराब बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। चारधाम यात्रा मार्ग पर भी कई जगहों पर रिमझिम बारिश और ओलावृष्टि की खबरें हैं, जिससे यात्रा प्रभावित हो रही है।

