भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच चंडीगढ़ और अंबाला में शुक्रवार को हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई है। चंडीगढ़ में सेना की वेस्टर्न कमांड और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का मुख्यालय स्थित है, जबकि अंबाला में वायुसेना का एक प्रमुख एयरबेस मौजूद है।
केंद्र सरकार ने मौजूदा हालात को देखते हुए एक नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसके तहत सेना प्रमुख को टेरिटोरियल आर्मी (TA) के अफसरों और जवानों को तैनात करने का अधिकार दिया गया है। टेरिटोरियल आर्मी एक अर्धसैनिक बल है, जिसे जरूरत पड़ने पर सेना के साथ तैनात किया जाता है।
गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आपातकालीन अधिकारों का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को तीनों सेनाओं के प्रमुख—थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने ताजा हालात की जानकारी दी है।
गृह मंत्री ने भी सीमा सुरक्षा बल (BSF) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारियों के साथ बैठक कर भारत-पाकिस्तान सीमा और प्रमुख एयरपोर्ट्स की सुरक्षा की समीक्षा की। कृषि मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी संभावित आपात स्थिति को देखते हुए तैयारियों पर चर्चा की है।
इस बीच, नियंत्रण रेखा (LoC) पर पिछले तीन दिनों से पाकिस्तानी सेना द्वारा लगातार गोलीबारी की जा रही है। इसमें अब तक 17 नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल हैं। गोलीबारी में कई मकानों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

