जयपुर:-उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध पूर्णता पर विशेष जोर देते हुए विकास कार्यों को तेजी प्रदान करने के निर्देश दिए हैं । उप मुख्यमंत्री बुधवार को पीडब्ल्यूडी मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थी ।
इस दौरान विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी हों। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता न किया जाए और योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों को तेज गति देना और जनता को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बैठक में जनसेवा और विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
इस दौरान उन्होंने एनएच, एनएचएआई, सीआरआईएफ, आरएसआरडीसी सहित विभिन्न सड़क एवं अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की बिन्दुवार समीक्षा की ।
बैठक में राज्य मंत्री मंजू बाघमार, विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव सुनील जय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

