समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित दो दिवसीय पर्पल फेयर कार्यक्रम में 20 से अधिक संस्थानों से आये हुए लगभग 1000 से अधिक दिव्यांगजन, अभिभावक तथा हितधारक सम्मिलित हुए तथा विविध प्रकार के कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता दी।
जयपुर सांसद मंजू शर्मा द्वारा उक्त कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया था जिसमें महात्मा गाँधी यूनिवर्सिटी ऑफ़ मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के संस्थापक तथा एमिरेटस अध्यक्ष डॉ. एम. एल. स्वर्णकार एवं तथा डॉ. वी. के. कपूर, प्रो वाइस चांसलर, एम. जी. यू. एम. एस. टी. की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के पहले दिन उद्घाटन सत्र के बाद दिव्यांगजनों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, वहीं भारत सरकार द्वारा दिव्यांग उद्यमियों को निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराया गया, जिसमें उन्हें स्वनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी तथा बिक्री करने का अवसर प्रदान किया गया। उक्त के अलावा पुनर्वास व्यावसायिकों के प्रशिक्षण हेतु दो दिवसीय सतत पुनर्वास शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी संचालन किया गया, जिसमें अलग-अलग राज्यों से लगभग 100 से अधिक पुनर्वास व्यावसायिकों ने प्रतिभाग किया। दिव्यांगजनों की समस्या को देखते हुए यू.डी.आई.डी/निरामया पंजीकरण तथा सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किये गए। बच्चों को आनंददायक गतिविधियों में सम्मिलित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार की इंडोर तथा आउटडोर खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। दिव्यांगजनों के अधिकारों, भारत सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित दिव्यांग हितैषी योजनाओं एवं स्वास्थ्य शिक्षा एवं रोजगार की जागरुकता सम्बन्धी गतिविधि के अन्तर्गत विचार विमर्श (टॉक शो) कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया जिसमें विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की।

