तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में शनिवार सुबह एक फार्मास्युटिकल फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कम से कम 10 मजदूरों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। हादसा राज्य की राजधानी हैदराबाद से सटे पाशमिलारम औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज की रिएक्टर यूनिट में हुआ।
आधिकारिक पुष्टि और रेस्क्यू अभियान
मल्टी जोन 2 के आईजी वी. सत्यनारायण ने बताया कि अब तक आठ मौतों की पुष्टि की गई है। छह शव मौके से बरामद हुए हैं, जबकि दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मलबे में अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीआरएफ और दमकल विभाग की कई टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। 10 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर तैनात हैं, जबकि आग बुझाने के लिए दो फायर रोबोट भी लगाए गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, केमिकल रिएक्शन के दौरान रिएक्टर में अचानक तेज विस्फोट हुआ, जिससे यूनिट पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि कुछ मजदूर 100 मीटर तक दूर जाकर गिरे। फैक्ट्री की एक दीवार भी ढह गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का बयान और कंपनी की जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री के भीतर करीब 50 कर्मचारी मौजूद थे। हादसे के बाद कई मजदूर 20 से 50 प्रतिशत तक झुलस गए। झुलसे मजदूरों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सिगाची इंडस्ट्रीज साल 1989 से फार्मास्यूटिकल्स में इस्तेमाल होने वाला माइक्रोक्रिस्टलाइन सेलुलोज (MCC) पाउडर बनाती है। कंपनी के प्रोडक्ट्स 65 से अधिक देशों में निर्यात किए जाते हैं और भारत में इसके कई मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं।
शेयर बाजार में असर
हादसे का असर कंपनी के शेयर पर भी पड़ा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में सिगाची इंडस्ट्रीज के शेयर में 9.89% की गिरावट दर्ज की गई और यह 49.72 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार करता दिखा।
अधिकारियों ने बताया है कि दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। वहीं, राहत और बचाव कार्य भी लगातार जारी है।

