अहमदाबाद विमान हादसा:’मेडे…थ्रस्ट नहीं मिल रहा,नहीं बचेंगे’—पायलट का आखिरी संदेश आया सामने,मृतकों की संख्या 275 पहुंची

Front-Page National

अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे में पायलट सुमित सभरवाल का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को भेजा गया आखिरी संदेश अब सामने आया है। केवल 4 से 5 सेकंड के इस मैसेज में पायलट कहते हैं—“मेडे, मेडे, मेडे… थ्रस्ट नहीं मिल रहा। पावर कम हो रही है, प्लेन उठ नहीं रहा। नहीं बचेंगे।”

यह विमान बीजे मेडिकल कॉलेज की छात्रावास बिल्डिंग पर गिरा था, जहां उस वक्त 60 से ज़्यादा डॉक्टर, छात्र और अन्य लोग मौजूद थे। हादसे में हॉस्टल में मौजूद 34 लोगों की जान चली गई।

अब तक इस हादसे में कुल मृतकों की संख्या 275 हो गई है, जिसमें 241 यात्री और क्रू सदस्य, और मेडिकल हॉस्टल के 34 लोग शामिल हैं। विमान में 12 क्रू मेंबर्स समेत 242 लोग सवार थे। चमत्कारिक रूप से, एक यात्री की जान बची है।

हादसे से जुड़ी अहम जानकारियां:

  • CCTV फुटेज में दिखा क्रैश: अहमदाबाद एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि टेकऑफ के 49वें सेकंड में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
  • पोस्टमॉर्टम और DNA सैंपलिंग जारी: दिव्य भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 270 से अधिक शवों का पोस्टमॉर्टम किया जा चुका है। 220 से ज्यादा लोगों के DNA सैंपल लिए जा चुके हैं, जबकि 7 शवों की शिनाख्त हो चुकी है।
  • पीएम मोदी ने किया घटनास्थल का दौरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले घटनास्थल का जायज़ा लिया और फिर सिविल अस्पताल जाकर घायलों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
  • 8 एजेंसियों द्वारा जांच: हादसे की जांच में भारत और विदेश की कुल आठ एजेंसियां शामिल हैं, जिनमें राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), गुजरात पुलिस, एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB), DGCA, UK-AAIB (ब्रिटेन), अमेरिका की NTSB और FAA जैसी संस्थाएं शामिल हैं।

इस बीच, लंदन से अहमदाबाद आने वाली एक विशेष फ्लाइट शुक्रवार शाम 4 बजे पहुंचेगी, जिसमें हादसे में मारे गए लोगों के परिजन सवार हैं। इन परिजनों का DNA सैंपल भी लिया जाएगा ताकि शवों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

यह हादसा भारत के हालिया इतिहास की सबसे भीषण विमान दुर्घटनाओं में से एक बन गया है, जिसकी तह तक पहुंचने के लिए बहुस्तरीय जांच जारी है।