प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली के अशोक होटल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद हैं। इस बैठक में कुल 20 मुख्यमंत्री और 18 उपमुख्यमंत्री हिस्सा ले रहे हैं।
बैठक में मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने, सुशासन, जातिगत जनगणना, ऑपरेशन सिंदूर और आगामी प्रमुख आयोजनों जैसे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और आपातकाल की 50वीं बरसी को लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
भाजपा के सुशासन विभाग के प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे ने जानकारी दी कि बैठक में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर प्रधानमंत्री और सेना को बधाई देने वाला एक प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा।
क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया। इसके बाद पाकिस्तान ने 10 मई तक भारत पर ड्रोन और गोलीबारी से हमले किए, लेकिन फिर दोनों देशों के बीच सीजफायर की घोषणा की गई।
सरकार ने इस ऑपरेशन के मकसद और पाकिस्तान के चरित्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने के लिए 59 सांसदों को 33 देशों में भेजने का निर्णय लिया है। ये सांसद 7 सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों में बंटे हैं, जिनके साथ 8 पूर्व राजनयिक भी शामिल हैं। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने 20 मई को इन सांसदों को इस पहल पर ब्रीफिंग दी थी।
बैठक में मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार किया जा रहा है।

