ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत ने दुनिया भर में भेजे सांसद,शशि थरूर और ओवैसी ने पाकिस्तान को लिया निशाने पर

Front-Page National

ऑपरेशन सिंदूर और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान की भूमिका उजागर करने के लिए भारत द्वारा भेजे गए सात सांसदीय प्रतिनिधिमंडल अब विभिन्न देशों में पहुंच चुके हैं।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व वाला डेलीगेशन शनिवार देर रात न्यूयॉर्क पहुंचा। वहां उन्होंने कहा, “मैं सरकार का हिस्सा नहीं हूं, बल्कि विपक्ष का सांसद हूं। लेकिन मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं कि पाकिस्तान को भारत ने जो जवाब दिया, वह पूरी तरह सही और उचित था।”

वहीं, बहरीन पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में शामिल AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी पाकिस्तान की आलोचना करते हुए कहा, “भारत वर्षों से आतंकवाद का सामना कर रहा है और इसकी जड़ें पाकिस्तान में हैं। जब तक पाकिस्तान आतंकी संगठनों को समर्थन देना बंद नहीं करता, यह खतरा बना रहेगा।”

भारत ने ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान की भूमिका की जानकारी दुनिया को देने के लिए 59 सांसदों को सात अलग-अलग प्रतिनिधिमंडलों में विभाजित कर 33 देशों में भेजा है। इन डेलीगेशन के साथ 8 पूर्व राजनयिक भी शामिल हैं। 21 से 25 मई के बीच सभी टीमें विदेश रवाना हो चुकी हैं।

इन दौरों का उद्देश्य वैश्विक समुदाय को यह बताना है कि भारत किस तरह वर्षों से आतंकवाद का शिकार रहा है और हालिया आतंकी हमले के बाद उसने किस तरह निर्णायक कार्रवाई की।