फोन टैपिंग विवाद:मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने भाजपा को भेजा जवाब

Jaipur Rajasthan

राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने फोन टैपिंग के आरोपों पर अनुशासनहीनता के नोटिस का जवाब दे दिया है। उन्होंने बुधवार को ईमेल के जरिए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को जवाब भेजा, जिसकी कॉपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन महामंत्री बीएल संतोष और गृह मंत्री अमित शाह को भी भेजी गई है।

किरोड़ी लाल मीणा ने अपने जवाब में लिखा है—

“मुझे इनपुट मिला था कि मेरा फोन टैप हो रहा है। यह बात मैंने मीडिया में नहीं कही, बल्कि एक सामाजिक कार्यक्रम में रखी थी, जिसे किसी ने वायरल कर दिया। मैंने हमेशा पार्टी के लिए काम किया है और मैं पार्टी का अनुशासित सिपाही हूं।”

क्या है पूरा मामला?

6 फरवरी को जयपुर के आमागढ़ मंदिर में एक कार्यक्रम के दौरान किरोड़ी लाल मीणा ने कहा था कि—

“मैंने भ्रष्टाचार के कुछ मामले उठाए थे, जिसके बाद 50 फर्जी थानेदारों को गिरफ्तार किया गया। लेकिन सरकार ने मेरी बात नहीं मानी। उल्टा, मुझ पर निगरानी बढ़ा दी गई। मेरे पीछे सीआईडी लगाई गई है, मेरा फोन टैप किया जा रहा है। इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।”

उनके इस बयान के बाद विपक्ष ने विधानसभा में सरकार पर हमला बोला, मुख्यमंत्री के जवाब की मांग को लेकर हंगामा भी किया गया

भाजपा ने अनुशासनहीनता माना, हाईकमान ने मांगा जवाब

10 फरवरी को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने किरोड़ी लाल मीणा को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस में कहा गया कि—

“आपने सार्वजनिक रूप से भाजपा नीत सरकार पर फोन टैपिंग का आरोप लगाया, जो असत्य है। इस बयान से भाजपा की बहुमत वाली सरकार की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है।”

पार्टी ने तीन दिन में जवाब मांगा था, और किरोड़ी ने समय सीमा के भीतर अपना जवाब भेज दिया।

विधानसभा में बवाल, कांग्रेस ने मांगा मुख्यमंत्री का इस्तीफा

किरोड़ी लाल के आरोपों के बाद विधानसभा में कांग्रेस ने सरकार को घेरा और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की। इस विवाद के चलते विपक्ष ने राज्यपाल के अभिभाषण पर भाषण तक नहीं दिया

पहले भी सरकार पर सवाल उठा चुके हैं किरोड़ी लाल

यह पहली बार नहीं है जब किरोड़ी लाल मीणा अपनी ही सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। इससे पहले भी वे कई बार असहमति जता चुके हैं—

  • 10 दिन पहले: उन्होंने कहा था— “कांग्रेस राज में मेरा अपमान हुआ, अब भी मेरा अपमान किया जा रहा है।”
  • 6 दिसंबर: उन्होंने कहा था— “मेरी ही सरकार में मेरे खिलाफ मामला दर्ज किया गया।”
  • 18 जनवरी: अपने भाई की चुनावी हार पर बोले थे— “हमें घेरकर मारा गया, जैसे महाभारत में अभिमन्यु को मारा गया था।”

क्या आगे बढ़ेगा विवाद?

किरोड़ी लाल मीणा का जवाब पार्टी हाईकमान तक पहुंच चुका है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा इसे स्वीकार करती है या फिर उनके खिलाफ कोई कार्रवाई होती है।