प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शाम होते-होते शहर की सड़कों और गलियों में लोगों का सैलाब नजर आया। शास्त्री ब्रिज पर भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुल से सीधे मेला क्षेत्र में प्रवेश कर लिया।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। शाम 4 से 6 बजे के बीच महज 2 घंटों में 70 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई।
प्रयागराज की कुल आबादी मंगलवार को 5.34 करोड़ पहुंच गई, जिससे शहर ने आबादी के मामले में विश्व के सबसे बड़े शहर टोक्यो को पीछे छोड़ दिया। मंगलवार को 4.64 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम स्नान किया। 13 जनवरी से अब तक 14.76 करोड़ लोग महाकुंभ में शामिल हो चुके हैं।
प्रयागराज प्रशासन ने हालात संभालने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग और हाई अलर्ट जारी किया है। सुबह हुई इमरजेंसी मीटिंग में ADG जोन भानु भास्कर, कमिश्नर, DM, CRPF, ITBP, रेलवे और पुलिस के अधिकारी शामिल हुए।
महाकुंभ ने पहले भी मकर संक्रांति पर 4.20 करोड़ लोगों के साथ विश्व के सबसे बड़े जिले का रिकॉर्ड बनाया था।

