अमेरिका में ‘नो किंग्स’ रैली:ट्रम्प के खिलाफ देशभर में बड़े प्रदर्शन,लाखों लोग सड़कों पर

Front-Page International


अमेरिका में शनिवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के खिलाफ ‘नो किंग्स’ रैली के तहत व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, देश के सभी 50 राज्यों में 3,300 से अधिक स्थानों पर आयोजित इन प्रदर्शनों में करीब 80 लाख लोगों ने हिस्सा लिया।

आयोजकों का दावा है कि इससे पहले अक्टूबर में हुए प्रदर्शनों की तुलना में इस बार लगभग 10 लाख अधिक लोग शामिल हुए और करीब 600 ज्यादा कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदर्शनकारियों ने ट्रम्प प्रशासन की नीतियों पर नाराजगी जताई, जिसमें ईरान के साथ बढ़ता तनाव, सख्त इमिग्रेशन नीति और महंगाई प्रमुख मुद्दे रहे।

न्यूयॉर्क, लॉस एंजिलिस, बोस्टन और वॉशिंगटन डीसी सहित कई बड़े शहरों में लोग सड़कों पर उतरे और राष्ट्रपति व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के खिलाफ पोस्टर दिखाए। कुछ स्थानों पर प्रदर्शन उग्र भी हुए, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की खबरें आईं और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। हालांकि, अधिकांश जगहों पर विरोध शांतिपूर्ण रहा।

अमेरिका के बाहर भी इस आंदोलन का असर देखने को मिला। पेरिस, रोम और एथेंस जैसे शहरों में लोगों ने प्रदर्शन कर समर्थन जताया।

इस बीच व्हाइट हाउस ने इन प्रदर्शनों को खारिज करते हुए इन्हें ‘थेरेपी सेशन’ बताया और कहा कि आम जनता पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ता। वहीं, राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि उनके फैसले देश को मजबूत बनाने के लिए हैं और वे ‘राजा’ नहीं हैं।