नई दिल्ली: SIR में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विपक्षी दलों का विरोध सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत विपक्ष के कई सांसद सोमवार शाम अचानक सुप्रीम कोर्ट परिसर पहुंचे।
इससे पहले विपक्षी सांसदों ने दिल्ली के बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला था। हालांकि, उन्हें अदालत से करीब 500 मीटर पहले ही रोक दिया गया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह पहली बार था जब विपक्षी नेताओं ने अपनी मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला।
विपक्ष ने SIR में गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दाखिल की है। इस मामले में राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव समेत 11 विपक्षी नेता याचिकाकर्ता हैं।
मंगलवार को विपक्षी सांसदों के साथ बैठक करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे की रणनीति पर चर्चा के लिए मंगलवार शाम विपक्षी सांसदों को अपने आवास पर चाय के लिए बुलाया है। बैठक में आगे की कार्रवाई को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
मार्च से पहले राहुल गांधी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
मार्च से पहले राहुल गांधी ने करीब 40 मिनट तक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने विपक्ष के मार्च की तुलना शिवजी की बारात से करते हुए कहा था कि इसमें कोई भी शामिल हो सकता है।
CJI को पत्र लिखकर मांगा था मिलने का समय
रविवार को विपक्षी सांसदों ने भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को पत्र लिखकर ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने उनसे मिलने से इनकार करते हुए याचिका दाखिल करने को कहा था।
SIR में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष की कानूनी और राजनीतिक कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब विपक्षी दल इस मुद्दे पर अपनी आगे की रणनीति तय करने में जुटे हैं।

