राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार समारोह,रोहित शर्मा और आर माधवन समेत 65 हस्तियों को सम्मान

Front-Page National

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह के दूसरे चरण में 65 व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस चरण में 2 पद्म विभूषण, 7 पद्म भूषण और 56 पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए गए।

पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज के टी थॉमस को जनसेवा और वरिष्ठ मलयालम पत्रकार पी नारायणन को साहित्य के क्षेत्र में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। वहीं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण दिया गया, जिन्हें उनकी पत्नी रूपी सोरेन ने ग्रहण किया।

समारोह में गायिका अलका याग्निक, क्रिकेटर रोहित शर्मा और अभिनेता आर माधवन सहित कई चर्चित हस्तियां शामिल रहीं। अभिनेता ममूटी और पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को भी सम्मानित किया गया।

इस साल कुल 131 लोगों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया था। इससे पहले पहले चरण में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और अभिनेता धर्मेंद्र सहित 66 व्यक्तियों को सम्मान दिया जा चुका है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति और केंद्रीय गृह मंत्री भी मौजूद रहे।