गुजरात की साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई द्वारा पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने की धमकी पर पाकिस्तान के कथित डॉन शहजाद भट्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भट्टी ने एक वीडियो जारी कर कहा कि वह सिद्धू मूसेवाला और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या से जुड़े सभी राज उजागर कर देगा। उसने यह भी कहा कि अब लॉरेंस से उसकी कोई दोस्ती नहीं रही।
लॉरेंस की धमकी के बाद आया वीडियो
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हाल ही में एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि वह कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले का बदला पाकिस्तान में घुसकर लेगा। इसी पोस्ट में आतंकी हाफिज सईद की फोटो पर ‘क्रॉस’ का निशान बनाकर बदले की चेतावनी दी गई थी। इसके जवाब में शहजाद भट्टी ने वीडियो जारी किया है।
भट्टी के वीडियो की 8 अहम बातें
- “तुम एक चिड़िया तक नहीं मार सकते”
भट्टी ने कहा कि लॉरेंस पाकिस्तान की बात करता है, जबकि वह किसी देश में एक चिड़िया तक नहीं मार सकता। उसने दावा किया कि वह लॉरेंस को और उसकी ‘हकीकत’ को अच्छे से जानता है। - बाबा सिद्दीकी हत्या का खुलासा करने की धमकी
भट्टी ने कहा कि उसके पास बाबा सिद्दीकी मर्डर केस से जुड़े ऑडियो-वीडियो सबूत हैं और वह उन्हें सार्वजनिक कर सकता है। उसने आरोप लगाया कि एक राजनेता के कहने पर यह हत्या की गई। - सिद्धू मूसेवाला मर्डर का भी दावा
उसने यह भी कहा कि मूसेवाला मर्डर केस से जुड़ी हर जानकारी – पैसे, हथियार और साजिशकर्ता – उसके पास मौजूद हैं। - “मैं झूठी पोस्ट डालकर डॉन नहीं बना”
भट्टी ने कहा कि उसने अपने हाथों से काम किया है, किसी पोस्ट या फेमस व्यक्ति को निशाना बनाकर शोहरत नहीं कमाई। - “देश पर बात आई तो चुप नहीं बैठूंगा”
उसने चेतावनी दी कि पाकिस्तान या मुस्लिम समुदाय पर कोई टिप्पणी हुई तो वह चुप नहीं बैठेगा। - “जेल से बाहर आओ और मैदान में लड़ो”
भट्टी ने चुनौती दी कि जब लॉरेंस जेल से बाहर आए, तब मैदान में आमने-सामने मुकाबला हो। - “अब से दोस्ती खत्म”
भट्टी ने साफ कहा कि लॉरेंस के साथ अब उसकी कोई दोस्ती नहीं रही और आगे से कोई बात सुनने को तैयार नहीं है। - “पैसों के लिए की हत्याएं”
भट्टी ने आरोप लगाया कि लॉरेंस गैंग ने सिद्धू मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी की हत्या सिर्फ पैसों के लिए की, जबकि उनका उससे कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था।
कौन है शहजाद भट्टी?
शहजाद भट्टी पाकिस्तान का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर है, जो इन दिनों दुबई में रह रहा है। वह हत्या, हथियारों की तस्करी और जमीन विवादों में शामिल रहा है। उसका नेटवर्क अमेरिका, कनाडा और मध्य-पूर्व में फैला है। वह फारूख खोखर नामक व्यक्ति के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नेटवर्क चलाता है।
लॉरेंस बिश्नोई कौन है?
लॉरेंस बिश्नोई भारत का कुख्यात गैंगस्टर है, जिस पर 80 से ज्यादा केस दर्ज हैं। वह 2016 से जेल में है और वर्तमान में साबरमती जेल में बंद है। इसके बावजूद उसके नाम मूसेवाला, बाबा सिद्दीकी और करणी सेना नेता सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या जैसे हाई-प्रोफाइल मामले जुड़े हैं।
इस खुली जंग के बीच लॉरेंस गैंग और शहजाद भट्टी के टकराव से भारत-पाक अंडरवर्ल्ड की हलचलें फिर चर्चा में आ गई हैं।

