प्रदेश के फिजियोथेरेपिस्टों ने किया मुख्यमंत्री आवास का घेराव, वार्ता नहीं होने पर आक्रोश

Jaipur Rajasthan

जयपुर। राजस्थान यूथ फिजियो रेवोल्यूशन के संघर्ष के आह्वान पर प्रदेशभर के फिजियोथेरेपी चिकित्सकों ने विभिन्न मांगों को लेकर शहीद स्मारक पर धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे फिजियोथेरेपिस्टों को पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया।

डॉ. शिव प्रकाश शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए सचिवालय बुलाकर करीब तीन घंटे इंतजार करवाया गया, लेकिन कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा। डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि 16 वर्षों में महज 64 पदों पर भर्ती हुई है, जिसके कारण हजारों डिग्रीधारी बेरोजगार हैं।

प्रदर्शनकारियों ने एसएमएस अस्पताल में 25 हजार रुपए का इंटर्नशिप शुल्क माफ करने, मुख्यमंत्री मां योजना में फिजियोथेरेपी को शामिल करने तथा सीएचसी-पीएचसी स्तर पर फिजियोथेरेपिस्ट के पद सृजित करने की मांग रखी। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो जल्द ही विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

इस दौरान डॉ. अजय शर्मा, डॉ. संजय, डॉ. विक्रम यादव, डॉ. रघुनंदन चौधरी, डॉ. अवतार डोई, डॉ. शालू वर्मा सहित कई फिजियोथेरेपिस्ट मौजूद रहे।