प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम 2026 के प्रतिभागियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों का विकास ‘विकसित भारत’ की नींव है और जब सीमा पर बसे गांव समृद्ध होते हैं तो देश की सुरक्षा भी मजबूत होती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने सीमावर्ती गांवों को “देश के आखिरी नहीं, बल्कि पहले गांव” मानकर उनके विकास पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने युवाओं से इन क्षेत्रों के विकास में भागीदारी बढ़ाने और अपने अनुभव अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
यह कार्यक्रम 4 जून से 30 जून के बीच दो चरणों में आयोजित किया गया था। इसके तहत लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 74 सीमावर्ती गांवों का दौरा करने के लिए देशभर से 400 से अधिक युवाओं का चयन किया गया था। पीएम ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना और सीमावर्ती क्षेत्रों की सामाजिक, सांस्कृतिक तथा रणनीतिक समझ को मजबूत करते हैं। साथ ही उन्होंने कारगिल विजय दिवस पर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को भी याद किया।

