एनसीसी रैली में पीएम मोदी का संबोधन:अजित पवार के निधन पर शोक,युवाओं को ‘विकसित भारत’ का संकल्प

Front-Page National

नई दिल्ली — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में आयोजित वार्षिक एनसीसी पीएम रैली को संबोधित किया। अपने भाषण की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र में हुए विमान हादसे पर गहरा दुख जताया, जिसमें राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और उनके सहयोगियों की मृत्यु हो गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अजित पवार ने महाराष्ट्र और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।


“एनसीसी युवाशक्ति को सशक्त करने वाला आंदोलन”

एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं बल्कि ऐसा आंदोलन है जो युवाओं को अनुशासित, आत्मविश्वासी और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाता है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में एनसीसी कैडेट्स की संख्या 14 लाख से बढ़कर 20 लाख हो गई है, खासतौर पर सीमावर्ती और तटीय क्षेत्रों में इसका विस्तार हुआ है प्रधानमंत्री ने गर्ल कैडेट्स की बढ़ती भागीदारी की भी सराहना की।


युवाओं पर दुनिया का भरोसा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के युवाओं को भरोसे की नजर से देख रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं में कौशल के साथ लोकतांत्रिक मूल्य, विविधता का सम्मान और “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना है, जो उन्हें वैश्विक स्तर पर अलग पहचान देती है।

उन्होंने कहा कि भारतीय युवा आज आईटी, स्टार्टअप, अंतरिक्ष, डिजिटल तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं।


भारत–यूरोपीय संघ समझौते का जिक्र

प्रधानमंत्री ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हाल में हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को “मदर ऑफ ऑल डील्स” बताते हुए कहा कि यह समझौता वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यह डील दुनिया की एक-चौथाई जीडीपी और एक-तिहाई वैश्विक व्यापार को कवर करती है।

उनके अनुसार, इससे स्टार्टअप्स, एमएसएमई, कपड़ा, चमड़ा, आभूषण, इंजीनियरिंग और कृषि जैसे क्षेत्रों में युवाओं को बड़े अवसर मिलेंगे और “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” को मजबूती मिलेगी।


तकनीक और राष्ट्रीय सुरक्षा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आधुनिक दौर में युद्ध केवल हथियारों से नहीं, बल्कि कोड और क्लाउड के माध्यम से भी लड़े जाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जो देश तकनीक में पिछड़ता है, वह आर्थिक ही नहीं बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी कमजोर होता है।

उन्होंने युवाओं से रक्षा नवाचार, एआई, ड्रोन तकनीक और डिफेंस स्टार्टअप्स से जुड़ने का आह्वान किया।


कर्तव्य और नागरिक जिम्मेदारी पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत केवल आर्थिक समृद्धि से नहीं बनता, बल्कि नागरिकों के आचरण से बनता है। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि यह सरकार से शुरू होकर जनआंदोलन बना।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सप्ताह में कम से कम एक घंटा स्वच्छता और सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित करें।


फिटनेस और स्वास्थ्य का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं में बढ़ती मोटापे की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने भोजन में तेल की खपत 10 प्रतिशत कम करने की अपील दोहराई और नारा दिया—

“युवा फिट तो देश हिट।”


कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि एनसीसी कैडेट्स राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ हर चुनौती में देश का नेतृत्व करेंगे और विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, मनसुख मांडविया और संजय सेठ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।