जयपुर, 31 मार्च 2026। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर पलटवार करते हुए कहा कि वे राहुल गांधी से सीख लेकर अनर्गल टिप्पणियां कर जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उनके बयान अवसरवादिता और सस्ती राजनीति के परिचायक हैं। गोदारा ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्रहित ही सर्वोपरि है।
गोदारा ने कहा कि तेल-गैस आपूर्ति को लेकर जूली महंगाई के संबंध में भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। जबकि एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है। पहले से बुकिंग अब कम हो रही है। जहां फ़रवरी माह में 3,30,000 बुकिंग होती थी, वह अब मार्च अंत में 2,30,000 पर पहुंच गई है। पहले ओटीपी के माध्यम से 60 प्रतिशत डिलीवरी होती थी। अब यह 96 प्रतिशत हो रही है, जिससे कालाबाजारी पर प्रभावी रोकथाम लगी है। प्रदेशभर में पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति भी सुचारू है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता आपदा में अवसर तलाशकर अपनी सस्ती राजनीति चमका रहे हैं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेस हर चीज में नकारात्मकता ढूंढती है। जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पश्चिम एशिया की उत्पन्न स्थिति से शानदार तरीक़े से निपटा है।
गोदारा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में अंतर्कलह और गुटबाजी चरम पर पहुंच गई है। प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली में इस बात की प्रतिस्पर्धा रहती है कि कौन ज्यादा से ज्यादा बयान देकर अखबारों की हेडलाइन बने।

