रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर दौरे के दौरान ऐलान किया कि गांधीनगर और खातीपुरा रेलवे स्टेशनों के नामों में ‘जयपुर’ जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों को पहचान में आसानी हो, इसके लिए गांधीनगर का नाम ‘जयपुर गांधीनगर’ और खातीपुरा का नाम ‘जयपुर खातीपुरा’ किया जा सकता है। उन्होंने इस पर अंतिम निर्णय के लिए नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव मांगे।
रेल मंत्री ने यह भी घोषणा की कि लघु उद्योग भारती के साथ मिलकर 5,000 युवाओं के लिए इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग का कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। साथ ही जयपुर में रेलवे और स्टार्टअप सेक्टर को जोड़ने के लिए एक इंटीग्रेशन सेंटर भी बनाया जाएगा।
अपने दौरे में उन्होंने खातीपुरा स्टेशन पर इंटीग्रेटेड कोच परिसर और रेल कोच रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया और बताया कि जयपुर में एक बड़ी मेंटेनेंस फैसिलिटी तैयार की जा रही है, जहां एक साथ 12 से 18 ट्रेनों का रखरखाव हो सकेगा।
वैष्णव ने कहा कि राजस्थान के लिए नई ट्रेनों पर काम हो रहा है। जल्द ही जोधपुर और बीकानेर से दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेनें शुरू की जाएंगी। वहीं, जैसलमेर को पर्यटन हब के तौर पर बढ़ावा देने के लिए दिल्ली से ओवरनाइट ट्रेन चलाने की तैयारी भी की जा रही है।
रेल मंत्री ने यह भी बताया कि बड़े शहरों को रेलवे फाटक से मुक्त करने और ट्रैक किनारे फेंसिंग की योजना पर काम हो रहा है। आने वाले दो से तीन महीने में पूरे राजस्थान का मास्टर प्लान तैयार होगा।

