प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा जिले के वाव-थराड में लगभग ₹20,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल, ऊर्जा और आवास से जुड़ी ये परियोजनाएं गांवों को बाजारों से, किसानों को नए अवसरों से और युवाओं को रोजगार से जोड़ेंगी।
प्रधानमंत्री ने गुजरात में तेजी से विकसित हो रहे सौर ऊर्जा परियोजनाओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में राज्य वैश्विक स्तर पर नवीकरणीय ऊर्जा का बड़ा केंद्र बन सकता है।
उन्होंने कहा कि जब दुनिया भारत की विकास यात्रा की बात करती है, तो ‘गुजरात मॉडल’ की सराहना होती है, जहां बुनियादी ढांचे के साथ-साथ जनकल्याण योजनाओं को भी समान महत्व दिया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पंचायती स्तर से लेकर संसद तक लोगों का भरोसा बना रहा तो विकास की रफ्तार ऐसे ही जारी रहेगी।
वैश्विक हालात का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब दुनिया के कई देश युद्ध और अस्थिरता का सामना कर रहे हैं, भारत स्थिरता बनाए रखते हुए लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने उत्तर गुजरात के साथ अपने पुराने संबंधों को भी याद किया और कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएंगी।

