प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में करीब ₹9,400 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं तेलंगाना में बेहतर अवसंरचना और निर्बाध कनेक्टिविटी की दिशा में “बड़ा कदम” साबित होंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत तेजी से आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण की ओर बढ़ रहा है और देश अब “रिफॉर्म्स एक्सप्रेस” पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों में अभूतपूर्व निवेश किया गया है।
प्रधानमंत्री ने वारंगल में विकसित किए जा रहे ‘पीएम मित्र पार्क’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत के कपड़ा उद्योग ने देश को वैश्विक आर्थिक शक्ति बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी और अब सरकार उस विरासत को फिर से मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। उनके मुताबिक, वारंगल का पीएम मित्र पार्क देश की “टेक्सटाइल क्रांति” को नई गति देगा।
ऊर्जा सुरक्षा के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया आज ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को महसूस कर रही है और भारत सरकार इस क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है, ताकि देश की दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों को सुरक्षित किया जा सके।

