जयपुर:श्री गोविंददेवजी मंदिर में धूमधाम से मनाया गया राधाष्टमी महोत्सव,हजारों श्रद्धालु पहुंचे दर्शन को

Jaipur Rajasthan

जयपुर के आराध्य श्री गोविंददेवजी मंदिर में रविवार को भाद्रपद शुक्ल अष्टमी के अवसर पर राधाष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही हजारों श्रद्धालु ठाकुरजी और राधारानी के विशेष दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे।

ब्रह्म मुहूर्त में ठाकुर श्रीजी की मंगला झांकी खोली गई, जिसके बाद प्रिया जी (राधारानी) का पंचामृत अभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, बूरा और शहद से हुए इस अभिषेक के बाद महाआरती और पंचामृत वितरण हुआ।

ठिकाना मंदिर और अधीनस्थ मंदिरों में भी उत्सव की धूम रही। यहां 121 किलो पंचामृत से राधारानी का जन्माभिषेक किया गया, जिसमें 80 किलो दूध और 25 किलो दही सहित अन्य सामग्री शामिल रही। ठाकुरजी को पीतवर्णी पोशाक और विशेष श्रृंगार से सजाया गया, साथ ही छप्पन भोग अर्पित किया गया।

सुबह 9:30 बजे श्रृंगार झांकी के दर्शन हुए और श्रृंगार आरती के बाद भानु उत्सव व बधाई उछाल का आयोजन हुआ। वहीं, शाम को ठाकुर श्रीजी की विशेष फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी, जिसके दर्शन शाम 7 बजे से रात 8:30 बजे तक होंगे।

दिनभर मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन चलता रहा। सुबह अष्टप्रहर नाम संकीर्तन बंगाली महिला मंडली ने किया, जबकि शाम को श्री गौर गोविंद महिला मंडल की संकीर्तन प्रस्तुति होगी।