राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा ने सर्वदलीय बैठक बुलाई,सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा पर चर्चा

Rajasthan

जयपुर:-पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव और पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बीच, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई। इस बैठक का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करना और सभी राजनीतिक दलों को एक मंच पर लाकर एकजुटता का संदेश देना था।

मुख्यमंत्री शर्मा ने बैठक के दौरान बताया कि सीमावर्ती जिलों में राहत और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त कर लिया गया है, और राज्य सरकार हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “वर्तमान समय में विपक्ष की एकजुटता लोकतंत्र की ताकत को प्रदर्शित करती है और यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की दृढ़ता का प्रतीक है।”

विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने बैठक में यह आश्वासन दिया कि कांग्रेस सरकार के हर कदम में उनका समर्थन करेगी, और राष्ट्रीय हित में जो भी आवश्यकता होगी, उसे तत्परता से पूरा किया जाएगा।

बैठक में राष्ट्रीय लोकदल के डॉ. सुभाष गर्ग, कांग्रेस के सचेतक रफीक खान, बहुजन समाज पार्टी के मनोज नियाग्ली, सरकारी मुख्य सचेतक योगेश्वर घर, और संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल समेत कई अन्य नेता भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री शर्मा ने बैठक को सकारात्मक संवाद करार देते हुए कहा कि जब राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी दल देशहित में एकजुट होते हैं, तब लोकतंत्र की असली ताकत सामने आती है।