जयपुर से मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान हाईकोर्ट ने कोटा सहित राज्यभर के कोचिंग संस्थानों में छात्रों की आत्महत्या के मामलों को लेकर चल रही स्वतः संज्ञान याचिका पर सुनवाई फिलहाल स्थगित कर दी है। मुख्य न्यायाधीश एमएम श्रीवास्तव और न्यायमूर्ति चंद्र प्रकाश श्रीमाली की खंडपीठ ने इस मामले की अगली सुनवाई जुलाई के अंतिम सप्ताह में तय की है।
अदालत को अवगत कराया गया कि इसी विषय पर एक मामला फिलहाल सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 17 जुलाई 2025 को प्रस्तावित है। हालांकि खंडपीठ ने यह टिप्पणी भी की कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामला उच्च शिक्षा से जुड़ा सामान्य मुद्दा है या विशेष रूप से कोचिंग छात्रों की मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित है।
इस अस्पष्टता को देखते हुए हाईकोर्ट ने अपने समक्ष विचाराधीन याचिका पर कोई तत्काल निर्णय न लेने का फैसला किया है। यह मामला कोटा जैसे प्रमुख कोचिंग हब्स में छात्रों के आत्महत्या मामलों में बढ़ोतरी और इससे जुड़ी मानसिक स्वास्थ्य चिंताओं के आधार पर हाईकोर्ट द्वारा स्वतः संज्ञान लेकर उठाया गया था।
खंडपीठ ने यह भी संकेत दिया है कि इस मामले में आगे का रुख सर्वोच्च न्यायालय की कार्यवाही की प्रगति को ध्यान में रखते हुए तय किया जाएगा।

