केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने जयपुर में आयोजित समारोह में रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश गणपत सिंह भंडारी द्वारा लिखित पुस्तक ‘Delivering Instant Justice’ का विमोचन किया।
कार्यक्रम में राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा, जस्टिस अनुरूप सिंघी, जस्टिस ए.के. जैन, जस्टिस प्रकाश गुप्ता, पूर्व लोकायुक्त एस.एस. कोठारी, महाधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद और बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चेयरमैन भुवनेश शर्मा सहित कई न्यायिक हस्तियां मौजूद रहीं।
‘त्वरित न्याय के प्रतीक’ रहे जस्टिस भंडारी
गणपत सिंह भंडारी को न्यायपालिका में त्वरित फैसलों के लिए जाना जाता है। उन्होंने अपने करियर में लगातार 20 वर्षों तक किसी भी मामले की सुनवाई को अगले दिन के लिए स्थगित नहीं किया और कई मामलों में ‘सुबह सुनवाई, शाम को फैसला’ देकर रिकॉर्ड कायम किया। इस योगदान को उन्होंने अपनी पुस्तक में विस्तार से बताया है।
NRI समुदाय ने दी बधाई
अमेरिका स्थित जयपुर फुट यूएसए और राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA) के चेयरमैन प्रेम भंडारी ने कार्यक्रम के दौरान जस्टिस भंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी का असर न केवल भारत में बल्कि दुनियाभर में बसे करीब 5 करोड़ प्रवासी भारतीयों पर भी पड़ता है।
पुस्तक के व्यापक वितरण की मांग
भंडारी ने केंद्रीय कानून मंत्री से आग्रह किया कि इस पुस्तक को देशभर की न्यायिक संस्थाओं तक पहुंचाया जाए, ताकि ‘Justice Delayed is Justice Denied’ की अवधारणा को मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम में RANA की ओर से प्लांटेशन बोर्ड के चेयरमैन सर्वेश्वर शर्मा ने जस्टिस भंडारी को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।

