पश्चिम बंगाल चुनाव:हावड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो,टीएमसी पर साधा निशाना

Front-Page National

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हावड़ा में एक विशाल रोड शो किया। इससे पहले उन्होंने मथुरापुर और कृष्णानगर में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखे आरोप लगाए।

प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि राज्य में “परिवर्तन की लहर” चल रही है और “हर तरफ बदलाव की आवाज” सुनाई दे रही है। उन्होंने कहा कि मतगणना के दिन, यानी 4 मई को, भाजपा की जीत सुनिश्चित होगी। उन्होंने मतदाताओं, खासकर पहली बार वोट देने वालों से अपील की कि वे “निर्दयी सरकार को सत्ता से हटाने” के लिए मतदान करें।

टीएमसी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने महिलाओं के अधिकारों का हनन किया है और संसद में महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्ताव का विरोध किया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में पिछले 15 वर्षों से “अन्याय और अत्याचार” का माहौल है, जिसे अब खत्म करने का समय आ गया है।

प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और टीएमसी पर “झूठे वादे” करने का आरोप लगाया। उन्होंने “डबल इंजन सरकार” की वकालत करते हुए कहा कि इससे राज्य में तेजी से विकास संभव होगा।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में 77 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है। राज्य में अगले चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।