राजस्थान के बारां ज़िले के अंता विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के मद्देनज़र कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोमवार को रोड शो और जनसभा की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के समर्थन में सीसवाली में चुनावी सभा को संबोधित किया, जहां भारी जनसमूह उमड़ा।
सचिन पायलट ने कहा कि अंता में जितने भी विकास कार्य हुए, वे कांग्रेस सरकार के दौरान हुए हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “यहां के भाजपा विधायक को कांग्रेस ने नहीं, बल्कि न्यायालय ने अयोग्य घोषित किया था। कोर्ट ने कहा कि वह सदन के सदस्य रहने योग्य नहीं हैं, इसी कारण उपचुनाव हो रहे हैं।”
पायलट ने आगे कहा कि जनता अब दो साल पुरानी भाजपा सरकार का मूल्यांकन कर रही है। “भाजपा ने जिन वादों के आधार पर सत्ता हासिल की, उन सब से अब पीछे हट चुकी है। सरकार और संगठन दोनों में अंदरूनी खींचतान है, जो टिकट वितरण में साफ़ नज़र आई,” उन्होंने कहा।
उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया “बहुमत से विजयी होंगे” और यह जीत पूरे राज्य में कांग्रेस के प्रति जनता के भरोसे का संदेश देगी।
बिहार चुनाव का ज़िक्र करते हुए पायलट ने कहा, “वहां जनता 20 साल की व्यवस्था बदलना चाहती है, क्योंकि डबल इंजन सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है।”

