बूंदी, 22 अक्टूबर।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार को बूंदी पहुंचे, जहां उन्होंने दीपावली के अवसर पर बाजारों में रामा-श्यामी करते हुए नागरिकों और व्यापारियों से आत्मीय मुलाकात की। बिरला ने आजाद पार्क से लेकर सब्जी मंडी रोड, नागर सागर कुंड, चौगान गेट, इंद्रा मार्केट और सूर्यमल मिश्रण सर्कल तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने जगह-जगह उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
स्पीकर बिरला ने लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “यह पर्व बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने और अपनों से मिलने का अवसर है।” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में किए गए संशोधन जैसे निर्णयों से इस वर्ष बाजारों में उत्साह और रौनक और अधिक बढ़ी है।
बिरला ने कहा, “प्रभु श्री राम सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाएं।”
इस दौरान बाजारों में त्योहारी उल्लास का माहौल रहा और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बिरला के साथ मौजूद रहे।
इससे पहले उन्होंने कोटा कार्यालय में भी आमजन से भेंट की, जहां लोग दीपावली की शुभकामनाएं देने पहुंचे। स्पीकर बिरला ने नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

