RCB की विक्ट्री परेड में भगदड़,11 की मौत;CM सिद्धारमैया बोले-हादसे ने जीत की खुशी को गम में बदला

Front-Page National

बेंगलुरु में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की पहली IPL खिताबी जीत के जश्न के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों की हालत स्थिर है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जब टीम विधानसभा पहुंची, उस समय वहां एक लाख से ज्यादा लोग जमा थे, जबकि स्टेडियम के बाहर तीन लाख से अधिक लोग मौजूद थे। उन्होंने कहा, “हमें इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी और हम इसके लिए तैयार नहीं थे। यह हादसा जश्न की खुशी को मातम में बदल गया।”

CM ने बताया भीड़ ने तोड़ा स्टेडियम का गेट
सिद्धारमैया ने कहा कि भीड़ ने स्टेडियम का छोटा गेट तोड़ दिया, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सरकार की थी, लेकिन क्रिकेट एसोसिएशन को भीड़ नियंत्रण में सहयोग करना चाहिए था। मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

सम्मान समारोह और स्टेडियम में भीड़
RCB की टीम को कर्नाटक विधानसभा में सम्मानित किया गया, जहां पहले ही हजारों प्रशंसक जुट चुके थे। बाद में टीम का स्वागत चिन्नास्वामी स्टेडियम में भी होना था, लेकिन वहां लाखों की भीड़ जमा हो गई। हालात संभालने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान एक बच्चा बेहोश भी हो गया।

गौरतलब है कि मंगलवार को RCB ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार IPL का खिताब जीता था, जिसके बाद पूरे बेंगलुरु में जश्न का माहौल था।