जयपुर। राजस्थान में उपचुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “प्रदेश का किसान खून के आंसू रो रहा है, लेकिन सरकार रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन में लगी है।”
अंता विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के समर्थन में जनसंपर्क करते हुए जूली ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का मुआवजा तक नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की आकांक्षाओं पर कुठाराघात कर रही है और ब्यूरोक्रेसी के दबाव में जनहित की योजनाओं को बंद कर रही है।
जूली ने कहा, “यह उपचुनाव सरकार नहीं बदलेगा, लेकिन भाजपा को सबक जरूर सिखाएगा।” उन्होंने दावा किया कि अंता क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी को मिल रहे जनसमर्थन से बीजेपी नेताओं की नींद उड़ चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि जनता बेरोजगारी, महंगाई और नफरत की राजनीति से तंग आ चुकी है और इस उपचुनाव में बीजेपी को करारा जवाब देगी।
राज्य सरकार पर हमला जारी रखते हुए जूली ने कहा, “राजस्थान में सरकार नहीं, सर्कस चल रहा है। कृषि मंत्री नकली खाद के गोदाम पर कार्रवाई करते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री उन्हें कुछ नहीं कहते।”
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल की तुलना में जूली ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान अंता विधानसभा में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए थे। उन्होंने कहा, “कांग्रेस शासन काल में योजनाओं के जाल ने अंता विधानसभा को नए पंख दिए, जबकि आज की सरकार केवल दिखावे में व्यस्त है।”
किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि प्याज की गिरती कीमतों ने किसानों को फिर खून के आंसू रुला दिए हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध नहीं ले रही।

