शिवसागर योजना विकास समिति को नई कार्यकारिणी मिली,विनोद कुमार मीणा सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 28 जुलाई। जगतपुरा क्षेत्र में स्थित जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की शिवसागर योजना कॉलोनी के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गठित शिवसागर योजना विकास समिति की नई कार्यकारिणी का सोमवार को सर्वसम्मति से गठन किया गया। कॉलोनी के पार्क में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित सदस्यों एवं स्थानीय निवासियों ने सर्वसम्मति से विनोद कुमार मीणा को समिति का अध्यक्ष निर्वाचित किया।

बैठक में हरफूल मीणा को उपाध्यक्ष, डॉ. रेवड़ मल मीणा को महासचिव, गोपाल लाल मीणा को कोषाध्यक्ष तथा आर.डी. मीणा को संयोजक चुना गया। वहीं लक्ष्मी नारायण मीणा एवं रामेश्वर लाल मीणा को सलाहकार तथा रोशन लाल मीणा को संगठन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

समिति में महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अनीता मीणा एवं बबीता मीणा को महिला प्रतिनिधि सदस्य मनोनीत किया गया।

बैठक में कॉलोनी के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने मंदिर निर्माण, पार्कों के सौंदर्यीकरण एवं विकास, सड़क प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विचार-विमर्श किया। साथ ही इन विकास कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक पहल करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समिति का उद्देश्य कॉलोनी के प्रत्येक निवासी की सहभागिता से शिवसागर योजना को एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आदर्श आवासीय क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे।

बैठक में कॉलोनी के निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विकास संबंधी सुझाव भी दिए। कार्यक्रम के अंत में डॉ. घनश्याम मीणा ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।