जयपुर, 8 नवंबर —
राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शनिवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी के राज में किसानों की आय तो दुगनी नहीं हुई, लेकिन उन्हें नकली बीज और खाद जरूर मिल रहे हैं।”
अंता विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान जूली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “बीते 12 सालों में दिल्ली में बैठी मोदी सरकार ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन उद्योगपतियों की तिजोरियां जरूर भर दी हैं।”
टीकाराम जूली कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के समर्थन में खेड़ी बैंगनी, बैंगना, रटावद, खराली, दौलतपुरा, तिसाया और भैरोपुरा गांवों में जनसंपर्क कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनाव अभियान को तेज करने का आह्वान किया।
जूली ने कहा कि “अंता विधानसभा के मतदाता आगामी 11 नवंबर को कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाकर जनहित की राजनीति को मजबूती देंगे।” उन्होंने भाजपा सरकार पर “भ्रष्टाचार, खराब शासन और जनविरोधी नीतियों” का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब कांग्रेस के साथ खड़ी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे “अपने अधिकारों की रक्षा और विकास के लिए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करें।”

