राजस्थान के कोटा में शनिवार रात करीब 9 बजे एक तीन मंज़िला इमारत ढह गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक मलबे से सात लोगों को निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय मलबे में दबे लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। किसी का हाथ तो किसी का पैर मलबे से बाहर दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों ने भी एसडीआरएफ के साथ मिलकर बचाव कार्य में सहयोग किया।
जानकारी के अनुसार, तलवंडी इलाके की इस इमारत में एक रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था। हादसे के वक्त रेस्टोरेंट में ग्राहक और 12 से 15 कर्मचारी मौजूद थे, जिनके मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले तेज धमाकों जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद इमारत भरभराकर गिर गई। आसपास की इमारतों में भी कंपन महसूस किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पास की एक बिल्डिंग में कई दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था, जिससे लगातार ड्रिल मशीन और हैमर के कारण कंपन हो रहा था। फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

