राजस्थान में यूरिया संकट पर टीकाराम जूली का भाजपा सरकार पर हमला —”किसान दर-दर भटक रहे हैं,सरकार की प्लानिंग फेल”

Jaipur Rajasthan


जयपुर, 12 नवंबर — राजस्थान में यूरिया की कमी को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में खाद की किल्लत ने किसानों को मुश्किल में डाल दिया है और सरकार इस संकट से निपटने में नाकाम साबित हुई है।

जूली ने कहा कि “राजस्थान के अन्नदाता आज भाजपा सरकार की बेरुखी का शिकार हैं। पूरे प्रदेश में यूरिया की भारी कमी है और किसान इसे पाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। इससे पहले डीएपी की भी कमी रही, जिसे सरकार पूरा नहीं कर सकी, और अब यूरिया की आपूर्ति में संकट पैदा हो गया है।”

उन्होंने राज्य सरकार की प्लानिंग और मॉनिटरिंग पर सवाल उठाते हुए कहा — “आपकी प्लानिंग क्या है? आपकी मॉनिटरिंग कहां है? जब किसान को सबसे ज़्यादा ज़रूरत होती है, तब सरकार उसके साथ नहीं खड़ी दिखती।”

टीकाराम जूली ने खेती से जुड़ी बुनियादी समस्याओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि “बिजली समय पर नहीं मिलती, पानी की सप्लाई बाधित रहती है और फसलों की खरीद में देरी होती है। किसानों को हर मोर्चे पर परेशानी झेलनी पड़ रही है।”

उन्होंने सरकार से तत्काल यूरिया सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो मेहनतकश किसानों की फसलें बर्बाद हो सकती हैं।
जूली ने कहा, “मैं सरकार से मांग करता हूं कि प्रदेशभर में तुरंत यूरिया की आपूर्ति की जाए ताकि किसान समय पर अपने खेतों में खाद डाल सकें और उनकी मेहनत पर पानी न फिर जाए।”