आंध्र प्रदेश के कुर्नूल में दर्दनाक बस हादसा:आग में झुलसकर 12 यात्रियों की मौत,कई गंभीर रूप से घायल

Breaking-News Front-Page National

आंध्र प्रदेश के कुर्नूल जिले में शुक्रवार तड़के एक भयावह सड़क हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। घटना चिन्नाटेकुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सुबह करीब 3:30 बजे हुई, जब हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक प्राइवेट बस बाइक से टकराकर आग की लपटों में घिर गई।

पुलिस के अनुसार, बस में करीब 40 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद बाइक बस के नीचे फंस गई और फ्यूल टैंक फटने से बस में तुरंत आग लग गई। हादसे में बाइक सवार शिवशंकर की भी मौत हो गई।

करीब 19 यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर और इमरजेंसी गेट से कूदकर जान बचाई, हालांकि उनमें से कई बुरी तरह झुलस गए। घायलों को कुर्नूल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

न्यूज़ एजेंसी PTI ने मरने वालों की संख्या 12 बताई है, जबकि कुछ स्थानीय रिपोर्ट्स में यह आंकड़ा 25 तक बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कई शव पूरी तरह जल चुके हैं, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है।

कुर्नूल रेंज के डीआईजी कोया प्रवीण ने बताया कि हादसे के दौरान बस में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे दरवाजा जाम हो गया और यात्रियों के पास बाहर निकलने का रास्ता नहीं रहा। ज्यादातर मृतक 25 से 35 वर्ष की आयु के बताए जा रहे हैं।

जिला कलेक्टर डॉ. ए. सिरी ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी की और पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं —
कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम: 08518-277305,
सरकारी अस्पताल कुर्नूल: 9121101059,
पुलिस कंट्रोल रूम: 9121101075।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “कुर्नूल का हादसा अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं।”
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए ₹2 लाख और घायलों के लिए ₹50,000 की सहायता राशि प्रधानमंत्री राहत कोष से देने की घोषणा की।