राहुल गांधी के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का पलटवार — कहा,“फर्जी प्रेजेंटेशन देकर लोकतंत्र को बदनाम कर रहे हैं राहुल”

Front-Page National Politics

नई दिल्ली — कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को कड़ा जवाब दिया। रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी का प्रजेंटेशन “पूरी तरह फर्जी” था और वह संसद सत्र के दौरान विदेश जाकर “थाईलैंड-कंबोडिया से प्रेरणा लेकर लौटते हैं।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “हम भी कई बार चुनाव हारे, लेकिन कभी चुनाव आयोग को गाली नहीं दी। राहुल हर बार रोना-धोना करते हैं और लोगों का समय बर्बाद करते हैं। बिहार में कल मतदान है, इसलिए वे ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।”

रिजिजू ने कहा कि बिहार में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया से लोग खुश हैं, जबकि “राहुल गांधी बेवजह हंगामा कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “वोटर शुद्धिकरण के लिए यह जरूरी कदम है। जहां SIR हुआ, वहां लोगों ने स्वागत किया है।”

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि हर मतदान केंद्र पर पोलिंग एजेंट और ऑब्जर्वर मौजूद होते हैं, ऐसे में गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “राहुल लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था में भरोसा नहीं रखते। अगर गड़बड़ी है तो अदालत जाएं, प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करें।”

रिजिजू ने राहुल पर विदेश जाकर “भारत के लोकतंत्र को बदनाम करने” का भी आरोप लगाया और कहा कि लोकतंत्र में जीत-हार स्वाभाविक है, “लेकिन राहुल गांधी हर नतीजे पर संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं।”