पश्चिम बंगाल:दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा से गैंगरेप,सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल;जांच जारी

Breaking-News Front-Page National

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की सेकंड ईयर की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात मेडिकल कॉलेज कैंपस के बाहर हुई, जब पीड़िता अपने एक पुरुष मित्र के साथ डिनर से लौट रही थी। रास्ते में कुछ युवकों ने दोनों को रोका, उसके साथी को धमकाकर भगा दिया और छात्रा के साथ दरिंदगी की।

ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली पीड़िता फिलहाल पास के एक अस्पताल में इलाजरत है। पुलिस ने बताया कि छात्रा का बयान दर्ज कर लिया गया है और दुर्गापुर न्यू टाउन थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक किसी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस कॉलेज स्टाफ और पीड़िता के दोस्त से भी पूछताछ कर रही है।

पीड़िता के माता-पिता शनिवार सुबह दुर्गापुर पहुंचे। उनके पिता ने कहा, “हमने अपनी बेटी को मेडिकल की पढ़ाई के लिए भेजा था, लेकिन यहां सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है।”

इस घटना ने 2024 के आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप-मर्डर केस की याद ताजा कर दी है, जब कोलकाता में एक ट्रेनी डॉक्टर का रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। उस मामले में सिविक वॉलंटियर संजय रॉय को गिरफ्तार किया गया था और जनवरी 2025 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। उस समय राज्यभर में डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन किए थे और मेडिकल सेवाएं करीब दो महीने तक बाधित रहीं।

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की 2023 की रिपोर्ट के अनुसार, महिलाओं पर अपराध के मामलों में पश्चिम बंगाल देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल है। रिपोर्ट बताती है कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में सबसे ज्यादा मामले उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में दर्ज हुए, जबकि पश्चिम बंगाल चौथे और मध्य प्रदेश पांचवें स्थान पर रहा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि देशभर में 2023 में महिलाओं के खिलाफ 4.48 लाख से अधिक अपराध दर्ज हुए, जिनमें सबसे अधिक मामले ‘पति या रिश्तेदार द्वारा क्रूरता’, ‘अपहरण’, ‘बलात्कार’ और ‘छेड़छाड़’ के रहे।