नई दिल्ली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। वैश्विक घटनाक्रमों के बीच हुई इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है।
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार और मंगलवार को संसद में इजराइल-अमेरिका और ईरान युद्ध के चलते उत्पन्न ऊर्जा संकट पर चिंता जताते हुए राज्यों से सहयोग की अपील की थी। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश पर वैश्विक घटनाओं के प्रभाव और उससे निपटने के लिए राज्य सरकार की तैयारियों की जानकारी प्रधानमंत्री को दी।
यह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रधानमंत्री मोदी से एक महीने में दूसरी मुलाकात है। इससे पहले 28 फरवरी को अजमेर दौरे के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में राजस्थान के राजनीतिक हालात पर भी चर्चा हुई। प्रदेश में लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियां लंबित हैं। इसके अलावा पंचायत और निकाय चुनाव को लेकर भी गतिविधियां तेज हो रही हैं।
राज्य सरकार ‘वन स्टेट वन इलेक्शन’ की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है, लेकिन हाईकोर्ट द्वारा 15 अप्रैल तक चुनाव कराने की समयसीमा तय की गई है। इसका पालन न होने पर अवमानना की कार्रवाई की आशंका भी बनी हुई है।
इन सभी मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन लिया, ऐसा माना जा रहा है।
इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को जयपुर के कलाकार द्वारा निर्मित चंदन की लकड़ी से बनी मां दुर्गा की मूर्ति भेंट की। यह मूर्ति कलाकार मोहित जांगिड़ ने तैयार की है।
इस कलाकृति में बारीक नक्काशी, भावपूर्ण मुखाकृति और पारंपरिक शिल्प का सुंदर संगम देखने को मिलता है, जो भारतीय हस्तशिल्प परंपरा को दर्शाता है। जांगिड़ परिवार पिछले चार पीढ़ियों से चंदन की नक्काशी से जुड़ा हुआ है और परिवार के 11 सदस्यों को राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है।
यह मूर्ति केवल धार्मिक प्रतीक ही नहीं, बल्कि भारतीय कला और पारिवारिक विरासत का भी उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।

